हाईवे पर आधा किलोमीटर तक बिखरे नोट, पुलिस ने चार लाख रुपये किए बरामद
शामली, (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में मेरठ-करनाल हाईवे पर गुरुवार देर शाम एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। एक बाइक सवार युवक के बैग से नोटों की गड्डियां सड़क पर गिरती रहीं, लेकिन उसे इसका अंदाजा तक नहीं हुआ। करीब आधा किलोमीटर तक सड़क पर 100, 200 और 500 रुपये के नोट बिखरे मिले।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काबड़ौत पुल के पास तेज रफ्तार से गुजर रहे युवक के कंधे पर टंगा काला बैग खुल गया, जिससे नोट गिरने लगे। इसी दौरान मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के खरड़ गांव निवासी अमित कुमार वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने सड़क पर बिखरे नोट देखे और तुरंत पास में ड्यूटी पर तैनात बलवा चौकी इंचार्ज मुकेश दिनकर को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान अमित कुमार ने ईमानदारी दिखाते हुए सड़क पर बिखरे नोटों को समेटकर पुलिस को सौंप दिया, जिसकी पुलिस ने सराहना की।
पुलिस के अनुसार, लगभग 500 मीटर क्षेत्र से कुल चार लाख रुपये बरामद किए गए हैं। बरामद रकम में 500 रुपये की 6 गड्डियां, 200 रुपये की 4 गड्डियां और 100 रुपये की 2 गड्डियां शामिल हैं। सभी गड्डियों पर बैंक की पर्ची और मोहर लगी हुई है, जिससे असली मालिक की पहचान संभव मानी जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि बरामद धनराशि को थाने के मालखाने में जमा करा दिया गया है। बाइक सवार की पहचान के लिए हाईवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संबंधित बैंकों से भी संपर्क किया जा रहा है।
पुलिस ने अपील की है कि जिस किसी की यह रकम है, वह वैध दस्तावेजों के साथ संपर्क कर अपनी राशि प्राप्त कर सकता है। फिलहाल, इतनी बड़ी रकम खोने की कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।

