टोल प्लाजा पर एलपीजी टैंकर में विस्फोट, चार की मौत

टोल प्लाजा पर एलपीजी टैंकर में विस्फोट, चार की मौत

कौशांबी  (जनवार्ता)। जिले के सिहोरी टोल प्लाजा पर एलपीजी (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) से भरा टैंकर टोल बूथ से टकराने के बाद हुए भीषण विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। 26 जून को सुबह करीब 6:40 बजे हुए इस हादसे का 24 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज शुक्रवार को सामने आया, जिसमें दुर्घटना और उसके बाद हुए विस्फोट का भयावह दृश्य कैद है।

rajeshswari


सीसीटीवी फुटेज में दो टैंकर टोल प्लाजा की ओर आते दिखाई देते हैं। इसी दौरान एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराता है और फिर टोल बूथ में जा घुसता है। टक्कर के बाद टैंकर से गैस रिसने लगी और कुछ ही क्षणों में जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद पूरे क्षेत्र में आग की ऊंची लपटें और घना धुआं फैल गया, जिसे करीब दो किलोमीटर दूर से भी देखा गया।


पुलिस के अनुसार, हादसे में टैंकर चालक 40 वर्षीय धर्मेंद्र दुबे और टोल प्लाजा कर्मचारी आलोक की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे अन्य कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। कई घायलों का इलाज जारी है।


आग पर काबू पाने के लिए जिले की सभी फायर ब्रिगेड इकाइयों और पुलिस बल को मौके पर लगाया गया। घटना के बाद यातायात बाधित होने पर कुछ समय तक वाहनों को बिना टोल शुल्क के निकाला गया। हादसे के कारणों की जांच के लिए तकनीकी टीम गठित कर दी गई है।

इसे भी पढ़े   बीजेपी का गांधी परिवार पर फिर तीखा वार
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *