प्रयागराज : ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह में वाराणसी के युवक समेत चार गिरफ्तार

प्रयागराज : ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह में वाराणसी के युवक समेत चार गिरफ्तार

प्रयागराज। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तर प्रदेश ने कूटरचित दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल कर ऑनलाइन गेमिंग व सट्टेबाजी कराने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने प्रयागराज के मेजा क्षेत्र से गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनमें वाराणसी के डीएलडब्ल्यू क्षेत्र का रहने वाला 20 वर्षीय युवक भी शामिल है।

rajeshswari

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बृजेश कुमार सिंह उर्फ टीटू निवासी शम्भूचक, मेजा, अभिषेक कुमार निवासी दिलबहार कॉलोनी, डीएलडब्ल्यू, वाराणसी, प्रिन्स कुमार उर्फ गौतम निवासी उरुवा, मेजा और मितेश प्रधान निवासी रायगढ़, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है।

एसटीएफ के अनुसार गिरोह द्वारा rolexpanel.win वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी संचालित की जा रही थी। आरोपी फर्जी दस्तावेजों पर सिम कार्ड सक्रिय कर उनके जरिए बैंक खाते और यूपीआई आईडी तैयार करते थे। ऑनलाइन लेनदेन के लिए अलग-अलग मोबाइल फोन और खातों का इस्तेमाल किया जाता था।

कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने लैपटॉप, टैबलेट, कई स्मार्टफोन, 33 सिम कार्ड, यूपीआई क्यूआर कोड, क्यूआर साउंड बॉक्स, डेबिट/क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, ऑप्टिकल फिंगर स्कैनर, जियो एयर फाइबर सेट, रजिस्टर और 23 हजार रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा ऑनलाइन गेमिंग व सट्टेबाजी से संबंधित स्क्रीनशॉट भी मिले हैं।

पूछताछ में मुख्य आरोपी बृजेश ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने साथियों के साथ पिछले कुछ महीनों से ऑनलाइन गेमिंग व सट्टेबाजी का काम कर रहा था। गिरोह लेनदेन के लिए दूसरे लोगों की पहचान पर तैयार किए गए दस्तावेजों और कई मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करता था। सफल लेनदेन के स्क्रीनशॉट ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े व्हाट्सऐप ग्रुप में भेजे जाते थे।

इसे भी पढ़े   शिक्षकों ने किया केंद्रीय राज्य मंत्री के पुतला दहन का प्रयास, पुलिस ने रोका

एसटीएफ के मुताबिक, गिरोह ऑनलाइन गेमिंग के जरिए सट्टा लगाने वाले लोगों से धोखाधड़ी कर रकम अर्जित करता था और कमाई को आपस में बांट लेता था।

चारों आरोपियों के खिलाफ मेजा कोतवाली में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66सी और 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *