कांवड़ यात्रा: 30 जुलाई से हाईवे वन-वे, शास्त्री पुल पर नो-एंट्री

कांवड़ यात्रा: 30 जुलाई से हाईवे वन-वे, शास्त्री पुल पर नो-एंट्री

प्रयागराज (जनवार्ता)। सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रयागराज पुलिस ने 30 जुलाई से 28 अगस्त तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। इसके तहत प्रयागराज-वाराणसी हाईवे की बाईं लेन वाहनों के लिए बंद रहेगी, जबकि आवागमन केवल दाहिनी लेन से होगा। शास्त्री पुल पर रोडवेज बसों और भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। पूरे मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।

rajeshswari


यातायात पुलिस के अनुसार कानपुर, कौशांबी, लखनऊ और प्रतापगढ़ की ओर से वाराणसी जाने वाले भारी व्यावसायिक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। कानपुर से आने वाले वाहन रायबरेली, प्रतापगढ़ और जौनपुर होकर वाराणसी पहुंचेंगे, जबकि रीवा की ओर से आने वाले वाहनों को मनगवां और हनुमना मार्ग से डायवर्ट किया गया है। शहर में माल लोडिंग और अनलोडिंग करने वाले वाहनों को कोखराज बाईपास, पूरामुफ्ती और धूमनगंज मार्ग से प्रवेश दिया जाएगा, ताकि शहर के भीतर जाम की स्थिति न बने।


रूट डायवर्जन के कारण वाराणसी की ओर से आने वाली रोडवेज बसें हंडिया, सहसों और फाफामऊ होकर प्रयागराज पहुंचेंगी। दूरी बढ़ने से बस किराये में वृद्धि होगी। हालांकि परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बसों के संचालन और फेरों में कोई कमी नहीं की जाएगी।


कांवड़ यात्रा के मद्देनजर प्रयागराज पुलिस वाराणसी, मिर्जापुर और जौनपुर सहित पड़ोसी जिलों के प्रशासन के साथ समन्वय बनाए हुए है। सावन के पहले सोमवार पर संभावित भीड़ को देखते हुए 1 अगस्त की रात 10 बजे से 4 अगस्त की रात 10 बजे तक विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान प्रमुख चौराहों पर पुलिस सहायता बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां श्रद्धालुओं को यातायात और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

इसे भी पढ़े   प्रयागराज : दिनदहाड़े युवती का अपहरण, ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर किया पथराव
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *