सोनभद्र में भाजपा बूथ अध्यक्ष का इस्तीफा, जिलाध्यक्ष पर अमर्यादित व्यवहार का आरोप
सोनभद्र जिले के नौडीहा क्षेत्र में भाजपा संगठन के भीतर विवाद गहराता नजर आ रहा है। बूथ संख्या 199 के अध्यक्ष उमेश चौबे ने जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता के कथित दुर्व्यवहार से आहत होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिससे स्थानीय राजनीति में हलचल मच गई है।

उमेश चौबे ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने बयान में आरोप लगाया कि वह अपने बूथ के एक वरिष्ठ नागरिक के निधन के कारण प्रशिक्षण वर्ग में थोड़ी देर से पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने उनका नाम पूछा और नाम सुनते ही उन्हें अपमानित करते हुए कथित रूप से बाहर भगा दिया। चौबे ने इसे “घोर अमर्यादित आचरण” बताते हुए कहा कि वह इस व्यवहार से बेहद क्षुब्ध हैं और इसी कारण उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। विकास द्विवेदी ने इसे “बेहद गंभीर मुद्दा” बताया, जबकि निर्भय पाण्डेय ने इसे “निन्दनीय व्यवहार” करार दिया। शत्रुजय मिश्रा ने चौबे को कांग्रेस में शामिल होने का न्योता दिया, वहीं अनुराग पाण्डेय ने इसे अस्थायी नाराजगी बताते हुए पुनः वापसी की संभावना जताई।
कुछ प्रतिक्रियाएं संगठनात्मक मर्यादा और सामाजिक सम्मान से भी जुड़ी रहीं। यादवेंद्र दत्त द्विवेदी ने सलाह दी कि ऐसे मामलों को उचित मंच पर उठाया जाए ताकि संगठन को नुकसान न हो। वहीं अन्य यूजर्स ने इस प्रकरण को पार्टी के अंदरूनी असंतोष और सामाजिक समीकरणों से जोड़कर भी देखा। फिलहाल इस मामले पर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन विवाद ने स्थानीय स्तर पर सियासी तापमान बढ़ा दिया है।

