सोनभद्र : प्रेम विवाह से नाराज भाइयों ने की बहन और उसके पति की हत्या

सोनभद्र : प्रेम विवाह से नाराज भाइयों ने की बहन और उसके पति की हत्या

दो गिरफ्तार, तीन फरार

rajeshswari

सोनभद्र (जनवार्ता) | सोनभद्र। जिले में ऑनर किलिंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बिहार के पटना जिले के पांच भाइयों ने अपनी बहन द्वारा प्रेम विवाह किए जाने से नाराज होकर उसकी और उसके पति की योजनाबद्ध तरीके से हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों के शव सोनभद्र के जंगलों में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए गए थे। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, हाथीनाला थाना क्षेत्र के खोखा जंगल में 24 सितंबर को एक महिला का शव बरामद हुआ था, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। शिनाख्त के प्रयासों के बीच 6 अक्टूबर को दुद्धी के रजखड़ घाटी जंगल में एक युवक का कंकाल बरामद हुआ। डीएनए जांच में उसकी पहचान पटना जिले के नौबतपुर निवासी दुक्खन साव के रूप में हुई, जबकि पहले मिला शव उसकी पत्नी मुन्नी देवी का था।

जांच में सामने आया कि दुक्खन साव ने मुन्नी देवी को घर से भगाकर गुजरात ले जाकर शादी कर ली थी। इससे मुन्नी के परिजन आहत थे और उन्होंने दोनों की हत्या की साजिश रची। इसी के तहत मुन्नी के भाई मुन्ना ने दंपती को झांसा देकर शादी समारोह के बहाने घर बुलाया। गुजरात में रह रहे मुन्नी के दो भाइयों ने उन्हें ट्रेन से मिर्जापुर तक लाया, जहां से सभी एक पिकअप वाहन से पटना की ओर रवाना हुए।

रास्ते में हाथीनाला के पास सुनसान जंगल में उन्होंने शौच जाने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई और वहीं दोनों की हत्या कर दी। इसके बाद मुन्नी का शव खोखा जंगल में और दुक्खन का शव रजखड़ घाटी में फेंक दिया गया।

इसे भी पढ़े   सड़क हादसे में घायल युवक की मौत

एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि यह मामला पूरी तरह ऑनर किलिंग का है। पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपियों — मुन्ना कुमार (22) और राहुल उर्फ सिद्धार्थ (28) निवासी ग्राम मोतीपुर, थाना नौबतपुर, जिला पटना — को हाथीनाला तिराहे के पास रेणुकूट रोड से गिरफ्तार किया। तीन अन्य भाइयों — अवधेश, राकेश और मुकेश — की तलाश की जा रही है। वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया गया है।

यह पूरी कार्रवाई ओबरा सीओ हर्ष पांडेय के नेतृत्व में हाथीनाला प्रभारी निरीक्षक भैया एसपी सिंह, एसओजी/सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश जी चौबे की टीम ने की। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *