वृद्धाश्रम में बुजुर्ग ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
सोनभद्र (जनवार्ता)। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी स्थित एक वृद्धाश्रम में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव बाथरूम में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।


मिली जानकारी के मुताबिक लोढ़ी स्थित वृद्धाश्रम में रहने वाले 65 वर्षीय राम जियावन ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वृद्धाश्रम के केयरटेकर ने पुलिस को सूचना दी कि आज सुबह बाथरूम में उनका शव फंदे से लटका मिला है। बताया गया कि राम जियावन अपनी पत्नी के साथ कई वर्षों से इसी वृद्धाश्रम में रह रहे थे, जबकि उनकी सरहज भी यहीं निवास करती थीं।
सूचना मिलने पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि सुबह करीब 9:07 बजे संचालक से घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
वृद्धाश्रम में रह रहे अन्य बुजुर्गों के अनुसार राम जियावन पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान रहते थे। पारिवारिक तनाव को आत्महत्या का संभावित कारण बताया जा रहा है, हालांकि पत्नी ने कोई ठोस वजह नहीं बताई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

