शक्तिनगर में महावीर हनुमान जयंती पर भव्य झांकी जुलूस,
आस्था–संस्कृति और एकता का दिखा संगम
सोनभद्र ,शक्तिनगर(जनवार्ता)।महावीर हनुमान जयंती के पावन अवसर पर शक्तिनगर क्षेत्र में निकाला गया भव्य झांकी जुलूस इस वर्ष भी हिंदुत्व के महाकुंभ के रूप में आस्था, संस्कृति और एकता का अद्भुत प्रतीक बनकर उभरा। बृहस्पतिवार दोपहर से शाम तक चले इस ऐतिहासिक आयोजन में पूरा क्षेत्र केसरिया रंग में रंगा नजर आया।


जुलूस में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और युवा शामिल हुए, जो डीजे की धुन पर झूमते-थिरकते आगे बढ़ते रहे। “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के गगनभेदी जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने जमकर गुलाल उड़ाया, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण बन गया।
इस अवसर पर भगवान हनुमान, मां काली, राधा-कृष्ण, भगवान शंकर सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां निकाली गईं। बलिया नाला, विद्युत विहार, अंबेडकर नगर, बस स्टैंड, काली मंदिर, चिल्काडाड, निमियांडाड बस्ती, प्रेम नगर, कोटा बस्ती, राजकिशन बस्ती सहित कई क्षेत्रों से झांकियां जुलूस में शामिल हुईं। खड़िया बाजार मार्ग पर दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
जुलूस पीडब्ल्यूडी मोड़ से होते हुए ज्वालामुखी मंदिर की ओर बढ़ा, जहां रास्ते भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पीडब्ल्यूडी चौराहे पर कलाकारों ने डमरू बजाते हुए नृत्य और विभिन्न प्रस्तुतियों के जरिए लोगों का मन मोह लिया और उत्साह को चरम पर पहुंचा दिया।
इस भव्य आयोजन में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली, जिसने जुलूस को और अधिक जीवंत बना दिया। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन की व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

