नेशनल हेराल्ड केस पर अदालत के फैसले का स्वागत, भाजपा पर साधा निशाना : शशांक मिश्रा
सोनभद्र (जनवार्ता)। भारतीय युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शशांक मिश्रा ने नेशनल हेराल्ड मामले में 16 दिसंबर को आए अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।

बुधवार को मीडिया से बातचीत में शशांक मिश्रा ने कहा कि नेशनल हेराल्ड केस पूरी तरह राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड सिर्फ एक अखबार नहीं, बल्कि आज़ादी की लड़ाई में अंग्रेजों के खिलाफ बुलंद आवाज था, जिसकी स्थापना 1938 में स्वतंत्रता सेनानियों ने की थी।
मिश्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार CBI और ED जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं, विशेषकर गांधी परिवार को बदनाम और प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने कहा कि अदालत द्वारा ED की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार करना मोदी सरकार की साजिश, झूठे आरोप और बदले की राजनीति को बेनकाब करता है। शशांक मिश्रा ने इसे भाजपा की वर्षों पुरानी राजनीतिक साजिश की करारी हार बताया और सवाल उठाया कि गांधी परिवार के खिलाफ 12 वर्षों से चली आ रही इस राजनीति के लिए अब माफी कौन मांगेगा।

