पश्चिम बंगाल : जमीन विवाद में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष की पीट-पीटकर हत्या
लोहे की रॉड और बांस से हमले का आरोप
दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में जमीन विवाद को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान करीब 35 वर्षीय श्याम दास के रूप में हुई है। वह पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के चार नंबर मंडल के भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष थे।

घटना लौदोहा थाना क्षेत्र के जब्बर पल्ली इलाके की बताई जा रही है। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि जमीन को लेकर अजय नंदी और विजय नंदी के साथ श्याम दास का लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद अजय नंदी और विजय नंदी ने धारदार हथियार, लोहे की रॉड और बांस से श्याम दास पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल श्याम दास को तत्काल दुर्गापुर इस्पात अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमले में शामिल लोग चार मई के बाद भाजपा में शामिल हुए थे। हालांकि, इस राजनीतिक आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जमीन विवाद सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मामले में लौदोहा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने घटनास्थल से लोहे की रॉड बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विजय नंदी कोT हिरासत में लिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी अजय नंदी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही हत्या के पूरे घटनाक्रम और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

