नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला युवक प्रयागराज से गिरफ्तार
बालिका बरामद
मिर्जामुराद (जनवार्ता)। 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में मिर्जामुराद पुलिस ने वांछित 21 वर्षीय युवक को प्रयागराज के नैनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को बालिका की मां ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 14 वर्षीय बेटी सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि इसी दौरान करछना थाना क्षेत्र के चन्दौली पोस्ट भुइडा निवासी प्रदीप कुमार पटेल उसे अपने साथ लेकर चला गया। पूछताछ में आरोपी ने बालिका को शादी के उद्देश्य से अपने साथ ले जाने की बात बताई थी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 87/137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर बालिका और आरोपी की तलाश शुरू की। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी प्रयागराज के नैनी थाना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस टीम प्रयागराज पहुंची। पीआरवी द्वारा आरोपी को नैनी थाने लाया गया, जहां से उसे मिर्जामुराद पुलिस के सुपुर्द किया गया। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार उसे गिरफ्तार कर लिया और बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार पटेल (21) पुत्र राम मनोहर पटेल, निवासी चन्दौली पोस्ट भुइडा, थाना करछना, प्रयागराज के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में खजुरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जगदम्बा सिंह, उपनिरीक्षक अतुल कुमार शुक्ल, उपनिरीक्षक अविनाश कुमार सिंह तथा महिला कांस्टेबल प्रतिभा बौद्ध शामिल रहीं।

