ब्रजेश गंझू के बाद टीएसपीसी की कमान शशिकांत को
मेदिनीनगर (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के सुप्रीमो ब्रजेश गंझू के मारे जाने के बाद संगठन में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पलामू के मनातू थाना क्षेत्र के केदल गांव निवासी जोनल कमांडर शशिकांत गंझू अब संगठन का प्रमुख कमांडर बनकर सामने आया है। झारखंड सरकार ने उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। वह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के मामलों में भी वांछित है।
पुलिस के अनुसार, ब्रजेश गंझू के बाद शशिकांत अघोषित रूप से संगठन का नेतृत्व कर रहा है। उसका प्रभाव क्षेत्र मुख्य रूप से पलामू और चतरा रहा है। उसके खिलाफ पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा और हजारीबाग के अलावा उत्तर प्रदेश में भी 50 से अधिक मामले दर्ज होने की जानकारी है।

पुलिस के मुताबिक, शशिकांत वर्ष 2000 के दशक में माओवादी संगठन में सबजोनल सदस्य के रूप में सक्रिय था। बाद में ब्रजेश गंझू के संपर्क में आने के बाद वह टीएसपीसी में शामिल हो गया। पुलिस का दावा है कि वह अत्याधुनिक हथियारों से लैस रहता है। वर्ष 2010 के बाद से सुरक्षा बलों के साथ उसकी दो दर्जन से अधिक मुठभेड़ होने की बात भी पुलिस ने कही है। सितंबर 2025 में मनातू थाना क्षेत्र के केदल गांव में हुई मुठभेड़ में भी वह बच निकलने में सफल रहा था। इस मुठभेड़ में पुलिस के दो जवान शहीद हुए थे।

