मैनपुरी में बहन ने प्रेमी संग मिलकर कराई भाई की हत्या,
गुमशुदगी दर्ज करा पुलिस को किया गुमराह
मैनपुरी, (जनवार्ता)।
जनपद के किशनी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक विवाहिता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने सगे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि भाई ने बहन को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी बहन, उसके प्रेमी और एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।


मृतक की पहचान फर्रुखाबाद जिले के करथिया गांव निवासी करण मिश्रा (25) के रूप में हुई है। वह अपनी बहन पूजा दुबे को उसके ससुराल मैनपुरी के कुसमरा गांव छोड़ने आया था। देर रात होने के कारण वह वहीं रुक गया था।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात पूजा अपने प्रेमी जितेंद्र के साथ घर में थी। इसी दौरान करण ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इस पर विवाद हुआ, जिसके बाद जितेंद्र ने करण को गोली मार दी। गोली आंख के रास्ते सिर के आर-पार निकल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी प्रेमी ने अपने भाई की मदद से शव को घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर धर्मगदपुर गांव के पास नदी किनारे जंगल में ले जाकर छिपा दिया।
वारदात को छिपाने के लिए पूजा बुधवार सुबह अपने प्रेमी जितेंद्र के साथ किशनी थाने पहुंची और भाई की गुमशुदगी दर्ज कराने लगी। इसी दौरान पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी कि घर में हत्या हुई है। मामला तब खुला जब पूजा के 10 वर्षीय बेटे रितिक ने पुलिस को पूरी घटना बता दी।
बच्चे के बयान के आधार पर पुलिस ने थाने में ही पूजा और जितेंद्र को हिरासत में ले लिया। बाद में उनकी निशानदेही पर जंगल से करण का शव बरामद कर लिया गया। शव के सिर में गोली लगने की पुष्टि हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में पूजा दुबे, जितेंद्र और जूली नामक एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, करण अविवाहित था और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। उसने हाल ही में दरोगा भर्ती परीक्षा दी थी और चयन की उम्मीद थी। वहीं पूजा का अपने प्रेमी जितेंद्र से करीब पांच वर्षों से संबंध बताया जा रहा है। जितेंद्र भी शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं।

