मुरादाबाद : सिलेंडर धमाके से भीषण आग, एक महिला की मौत, 10 लोग झुलसे

मुरादाबाद : सिलेंडर धमाके से भीषण आग, एक महिला की मौत, 10 लोग झुलसे

रामपुर रोड स्थित परी रेस्टोरेंट में शादी समारोह के पटाखों से फैली आग; पांच सिलेंडर फटने से दहशत, दो घंटे बाद नियंत्रण में आई लपटें

rajeshswari

मुरादाबाद (जनवार्ता)। रामपुर रोड स्थित प्रेम वंडरलैंड के पास बने परी रेस्टोरेंट में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि पास के एक शादी समारोह में छोड़े गए पटाखों से निकली चिंगारी रेस्टोरेंट में गिरने से आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और लगातार पांच गैस सिलेंडर धमाकों के साथ फट गए। हादसे में रेस्टोरेंट मालिक की मां माया श्रीवास्तव (56) की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब 10 बजे की है। बेसमेंट स्थित रसोई में खाना बन रहा था, तभी बाहर से आया पटाखा अंदर गिरा और आग तेजी से फैल गई। सिलेंडरों में हुए विस्फोटों से अफरातफरी मच गई। रेस्टोरेंट की पहली और दूसरी मंजिल पर मौजूद 12 लोगों ने खिड़कियों और बालकनी से कूदकर किसी तरह जान बचाई।

सूचना मिलते ही एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह और फायर ऑफिसर जान प्रकाश शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने माया श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया। सात अन्य लोगों को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि पटाखों से चिंगारी गिरने की संभावना पर भी जांच जारी है। फिलहाल पुलिस ने रेस्टोरेंट को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है।

इसे भी पढ़े   सालभर पड़ने वाली है केतु की नकारात्मक दृष्टि, बचने के लिए करें ये आसान उपाय
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *