यूपी भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बने पंकज चौधरी

यूपी भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बने पंकज चौधरी

लखनऊ (जनवार्ता) । केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और महाराजगंज से सात बार के सांसद पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हो गए हैं। रविवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सर्वसम्मति से उनके नाम की औपचारिक घोषणा की।

rajeshswari

घोषणा के साथ ही पूरा सभागार तालियों और शंखनाद से गूंज उठा। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने आगे आकर पंकज चौधरी का हाथ उठाया और पार्टी का झंडा सौंपकर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे। पंकज चौधरी घोषणा से पहले योगी से दो कुर्सियां छोड़कर बैठे थे, लेकिन ऐलान के बाद वे मुख्यमंत्री के बगल में आकर विराजमान हो गए।

शनिवार को पंकज चौधरी ने लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में नामांकन दाखिल किया था। उनके अलावा किसी अन्य ने पर्चा नहीं भरा, जिससे उनका निर्विरोध चयन तय हो गया था। नामांकन के प्रस्तावकों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक समेत 10 वरिष्ठ नेता शामिल थे।

नए अध्यक्ष के स्वागत में लोहिया विधि विश्वविद्यालय परिसर में 15 हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। कार्यक्रम स्थल को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। जश्न का माहौल था—ढोल-नगाड़े बज रहे थे, सड़कें बैनर-पोस्टर और पार्टी झंडों से पटी पड़ी थीं। कुछ कलाकार बीन बजाकर नागिन डांस भी कर रहे थे।

पंकज चौधरी पूर्वांचल के प्रभावशाली नेता हैं और ओबीसी की कुर्मी बिरादरी से आते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के करीबी माने जाने वाले चौधरी की नियुक्ति को 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी और ओबीसी वोट बैंक को मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। वे भूपेंद्र सिंह चौधरी का स्थान लेंगे, जिन्होंने 2022 से यह पद संभाला था।

इसे भी पढ़े   रथयात्रा चौराहे पर आग की घटना, खाली सीएनजी कार जलकर क्षतिग्रस्त

भाजपा नेताओं ने चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभवी नेतृत्व में पार्टी उत्तर प्रदेश में और मजबूत होगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *