बाइक सवार पिता-पुत्री को डंपर ने मारी टक्कर, बेटी की मौत, पिता घायल
चौबेपुर( जनवार्ता)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सिंगुलपुर अंडरपास पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को बगल से टक्कर मारी, जिससे बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँच गई और मामले की जाँच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका जोया खां (उम्र 21, अविवाहित, पुत्री आलम खां) अपने पिता के साथ बाइक पर बैठकर गाजीपुर से वाराणसी की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार डंपर चौबेपुर की ओर से भगतुवा चौराहे की तरफ जा रहा था।

सिंगुलपुर अंडरपास पर दोनों वाहनों की बगल-सामने इतनी भीषण टक्कर हुई कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पिता-पुत्री सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय ग्रामीणों और मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत दोनों घायलों को नजदीकी नरपतपुर सीएससी पहुँचाया। वहाँ डॉक्टरों ने पिता का प्राथमिक इलाज शुरू किया, जबकि पुत्री जोया खां को जाँच के बाद मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही मृतिका के अन्य परिजन अस्पताल पहुँचे, जहाँ उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से न्याय और डंपर चालक की गिरफ्तारी की गुहार लगाई है। मृतिका का पता चुप्पेपुर, थाना शिवपुर, वाराणसी बताया गया है। घायल पिता की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
स्थानीय पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है, जबकि डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी है। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

