हिंदी दिवस पर प्रश्नोत्तरी में 26 रेल कर्मचारियों ने दिखाया उत्साह
वाराणसी (जनवार्ता)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में हिंदी पखवाड़े के तहत हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित भारतेंदु सभा कक्ष में कर्मचारी वर्ग के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न विभागों और स्टेशनों से आए 26 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश और वरिष्ठ मंडल आंकड़ा एवं संसाधन प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी आशुतोष पाण्डेय के नेतृत्व में 9 से 23 सितंबर तक हिंदी पखवाड़ा मनाया जा रहा है। राजभाषा विभाग के तत्वावधान में आयोजित प्रश्नोत्तरी में कर्मचारियों से हिंदी भाषा, साहित्य, राजभाषा और सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य रेल कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करना तथा हिंदी के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्थान प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को 23 सितंबर को होने वाले हिंदी पखवाड़ा समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।

