अवैध अस्पतालों पर होगी कार्रवाई: सीएमओ
मानकों पर खरे उतरने वाले चिकित्सा संस्थानों का ही होगा पंजीकरण
वाराणसी (जनवार्ता) । जनपद में बिना पंजीकरण और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित होने वाले चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। विभागीय मानकों को पूरा करने वाले चिकित्सा संस्थानों का ही पंजीकरण किया जाएगा। इसके लिए निरीक्षण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है और विशेष टीमें गठित की गई हैं। यह जानकारी सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने दुर्गाकुंड स्थित कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।


सीएमओ ने बताया कि वाराणसी जनपद में वर्तमान में कुल 1,147 चिकित्सा संस्थान पंजीकृत हैं। इनमें 560 नर्सिंग होम, 261 ओपीडी क्लीनिक, 113 डायग्नोस्टिक सेंटर, 162 पैथोलॉजी लैब तथा 50 बेड से अधिक क्षमता वाले 51 अन्य चिकित्सालय शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों को पूरा किए बिना किसी भी चिकित्सा संस्थान को पंजीकरण नहीं दिया जाएगा। बिना पंजीकरण संचालित संस्थान मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि निजी चिकित्सा संस्थानों के पंजीकरण, मानकों के अनुपालन और निरीक्षण के लिए अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारियों एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें लगातार विभिन्न चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण कर रही हैं। जांच में मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के संबंध में सीएमओ ने बताया कि योजना के तहत पंजीकृत चिकित्सालयों का भी निरीक्षण कराया जा रहा है। निरीक्षण के बाद कार्रवाई के लिए 14 चिकित्सालयों को सूचीबद्ध किया गया है। उन्होंने संबंधित अस्पतालों को निर्देश दिया है कि आयुष्मान योजना के तहत उपलब्ध सुविधाओं और लाभार्थियों को दी जाने वाली सेवाओं का स्पष्ट प्रदर्शन करें, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को इसकी जानकारी मिल सके।
सीएमओ ने निजी क्षेत्र के सभी पंजीकृत चिकित्सालयों को प्रत्येक चिकित्सा सेवा की दर सूची (रेट लिस्ट) अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। इससे मरीजों को उपचार और विभिन्न चिकित्सीय सेवाओं के शुल्क की जानकारी पहले से मिल सकेगी और पारदर्शिता बनी रहेगी।
उन्होंने बताया कि जनसामान्य को प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल्द ही ‘स्वस्थ काशी’ ऐप जारी किया जाएगा। इसके माध्यम से लोग जनपद में पंजीकृत चिकित्सा संस्थानों की सूची और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। सीएमओ ने आमजन से अपील की कि किसी भी अस्पताल या चिकित्सा केंद्र में उपचार कराने से पहले उसके पंजीकरण और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
प्रेस वार्ता में सीएमओ ने दोहराया कि अवैध रूप से संचालित या निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा संस्थानों के पंजीकरण, निरीक्षण, आयुष्मान भारत योजना और जनपद में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में मीडिया प्रतिनिधियों को विस्तार से जानकारी दी गई।

