रिंग रोड फेज-2 पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को रौंदा
हादसे के बाद चालक फरार, परिवार में मचा कोहराम
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के खेवसीपुर गांव के पास रिंग रोड फेज-2 अंडरपास के समीप तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय चंदन पटेल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल कार दूल्हे की थी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान खेवसीपुर गांव निवासी चंद्रशेखर पटेल और गीता देवी के पुत्र चंदन पटेल के रूप में हुई। चंदन दो भाइयों में छोटा था और उसकी एक बहन भी है। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
पुलिस फरार कार और उसके चालक की तलाश में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

