होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, 45 केंद्रों पर होगी परीक्षा

होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, 45 केंद्रों पर होगी परीक्षा

वाराणसी (जनवार्ता)  ।  उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली होमगार्ड्स एनरोलमेंट परीक्षा-2025 को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार एवं अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा की अध्यक्षता में बुधवार को यातायात पुलिस लाइन सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा ड्यूटी में लगे जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

rajeshswari

बैठक में बताया गया कि परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक जिले के 45 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा में कुल 20,112 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी ने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने की जिम्मेदारी अधिकारियों पर डालते हुए निर्देश दिया कि सभी केंद्र व्यवस्थापक अपने-अपने केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर सीटिंग प्लान, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। साथ ही कक्ष निरीक्षकों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग और डी-ब्रीफिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा तथा 200 मीटर की परिधि में फोटोस्टेट की दुकानें परीक्षा अवधि तक बंद रहेंगी। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी एवं डीवीआर के माध्यम से निगरानी की जाएगी तथा प्रवेश के समय सघन जांच की जाएगी।

इसे भी पढ़े   गौरी-केदारेश्वर मंदिर में आराधना कर दिया स्वच्छता का संदेश

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों के मोबाइल रखने के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बोर्ड द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अक्षरशः पालन किया जाए, जिससे परीक्षा निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा, नम्रता श्रीवास्तव सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *