पत्रकारपुरम कॉलोनी में गार्ड से मारपीट, डंडे से पीटने का आरोप
गाड़ी अंदर ले जाने से रोकने पर विवाद, गार्ड की वर्दी भी फाड़ी
वाराणसी (जनवार्ता)। कैंट थाना क्षेत्र के पत्रकारपुरम कॉलोनी गेट नंबर-1 पर तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कॉलोनी के उपाध्यक्ष शिवप्रकाश सिंह की ओर से बुधवार को कैंट थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार कॉलोनी की सुरक्षा के लिए गेट नंबर-1 पर जयकिशोर तिवारी और धर्मेंद्र यादव को तैनात किया गया है। दोनों गार्ड चौबीस घंटे कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था संभालते हैं और बाहरी लोगों को बिना अनुमति प्रवेश करने से रोकते हैं। आरोप है कि शिवा नामक व्यक्ति रोजाना अपनी गाड़ी कॉलोनी के अंदर खड़ी कर चला जाता है।
आरोप है कि बुधवार की सुबह करीब चार बजकर 28 मिनट पर शिवा गाड़ी लेकर कॉलोनी के गेट नंबर-1 के अंदर पहुंचा। ड्यूटी पर तैनात गार्ड धर्मेंद्र यादव ने उसे गाड़ी अंदर ले जाने से मना किया। इस पर गार्ड के साथ गाली-गलौज की गई और गाड़ी अंदर खड़ी कर दी गई। गार्ड द्वारा गाड़ी बाहर ले जाने के लिए कहने पर आरोपी ने पहले हाथ-मुक्के से मारपीट की। इसके बाद डंडा लेकर लौटा और उससे भी गार्ड को पीटने लगा।
प्रार्थना पत्र में गार्ड को चोट लगने तथा उसकी शर्ट फाड़ने का भी उल्लेख किया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखे जाने की बात कही गई है। कॉलोनी के उपाध्यक्ष ने पुलिस से प्रार्थना पत्र के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई है और जांच कर रही है। इस घटना के बाद पत्रकार पुरम का निवासियों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है। यह लोग आए दिन इस प्रकार की घटनाएं करते हैं। कॉलोनी में खुलेआम शराब पीते हैं और जुआ खेलते हैं। पहले पुलिस की गश्त लगती थी जिसे अवांछनीय तत्वों पर लगाम लगा था, लेकिन इन दिनों बिना कारण पुलिस गश्त समाप्त कर दिया गया है।

