कूटरचित पुलिस-प्रेस आईकार्ड दिखाकर टोल और चालान से बचने वाला गिरफ्तार
स्कॉर्पियो पर पुलिस-प्रेस का लोगो और बसपा का झंडा लगाकर रौब जमाने की कोशिश, चार मोबाइल भी बरामद
वाराणसी (जनवार्ता)। लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने कूटरचित पुलिस एवं प्रेस पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर टोल शुल्क और पुलिस चालान से बचने का प्रयास करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से उत्तर प्रदेश पुलिस और एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र के कूटरचित पहचान पत्र समेत चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने स्कॉर्पियो को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है।


पुलिस के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 10:20 बजे पांडेयपुर चौराहे पर बाटा शोरूम के पास एक स्कॉर्पियो खड़ी थी, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालक से पूछताछ की तो उसने खुद को प्रेस रिपोर्टर बताया और प्रेस पहचान पत्र के साथ पुलिस उपनिरीक्षक का पहचान पत्र भी दिखाया। जांच में दोनों पहचान पत्र कूटरचित पाए गए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी स्कॉर्पियो के शीशे पर पुलिस और प्रेस का लोगो तथा वाहन पर बसपा का झंडा लगाकर रौब जमाने की कोशिश करता था। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस अधिकारियों के नाम का हवाला देकर पुलिसकर्मियों पर प्रभाव बनाने का भी प्रयास किया, लेकिन पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह और उनकी टीम के सामने उसकी एक नहीं चली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुभव आनंद पांडेय (30) पुत्र पवन कुमार पांडेय, निवासी पांडेयपुर मिल्की डेढ़वलिया शहीद गांव, थाना धानापुर, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। उसके पास से उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रेस के दो कूटरचित आईकार्ड तथा एप्पल, सैमसंग, वीवो और सोनी कंपनी के चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की विवेचना के साथ यह भी पता लगा रही है कि कूटरचित पहचान पत्रों का इस्तेमाल आरोपी ने अन्य स्थानों पर भी किया था या नहीं।

