पीएम दौरे से पहले काशी में महा-सफाई अभियान तेज, 250 टन अतिरिक्त कचरा हटाया
वाराणसी, (जनवार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल को प्रस्तावित दौरे को लेकर धर्मनगरी काशी में तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर निगम ने शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए ‘महा-सफाई अभियान’ शुरू किया है, जिसका असर अब जमीन पर दिखने लगा है। पिछले दो दिनों में ही करीब 250 टन अतिरिक्त कचरा हटाया जा चुका है।

नगर निगम के अनुसार, सामान्य दिनों में जहां प्रतिदिन लगभग 1100 टन कचरा उठाया जाता है, वहीं अभियान के दौरान यह आंकड़ा बढ़कर 1200 से 1300 टन तक पहुंच गया है। टीमें अब उन इलाकों, खाली प्लॉटों और उपेक्षित स्थानों की भी सफाई कर रही हैं, जहां लंबे समय से कचरा जमा था।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को विकास और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे बरेका (BLW) परिसर में आयोजित एक बड़े महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही 100 से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी प्रस्तावित है। परंपरा के तहत वे काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए हर वार्ड में नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। अभियान की निगरानी ‘सेंट्रल कमांड’ के माध्यम से की जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की लापरवाही की संभावना कम हो गई है।
नगर निगम का लक्ष्य है कि 28 अप्रैल तक शहर पूरी तरह स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आए। मुख्य सड़कों, गलियों और पार्कों की विशेष सफाई की जा रही है। सफाई कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी वार्ड में कूड़े का ढेर नहीं दिखना चाहिए।
प्रशासन का कहना है कि प्रधानमंत्री के स्वागत के साथ-साथ शहरवासियों और आगंतुकों को काशी का स्वच्छ और सुंदर स्वरूप दिखाना प्राथमिकता है, जिसके लिए टीमें दिन-रात कार्य कर रही हैं।

