रोहनिया में भाजपा की जिला कार्यशाला
सेवा संकल्प अभियान को घर-घर तक पहुंचाने की बनी रणनीति
वाराणसी (जनवार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे “सेवा और समर्पण के 25 वर्ष : सेवा संकल्प अभियान-2026” के तहत रविवार को भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय केशरीपुर में जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में संगठन को मजबूत करने, सेवा संकल्प अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर रणनीति बनाई गई।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह-प्रभारी जगदीश भाई पटेल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान भाजपा के विचार, संस्कार और संगठन की शक्ति का प्रमाण है। कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का कार्य करें।
राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यशाला में काशी क्षेत्र प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह, काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिला प्रभारी एवं एमएलसी अरुण पाठक तथा जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

