गंगा उफान पर, नाव संचालन बंद
वाराणसी (जनवार्ता)। गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के चलते काशी में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सोमवार सुबह गंगा का जलस्तर 65.80 मीटर दर्ज किया गया और इसके प्रति घंटे 20 सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ने की जानकारी केंद्रीय जल आयोग ने दी है।

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने गंगा में नावों का संचालन बंद कर दिया है। वहीं जलभराव के कारण काशी के 84 घाटों का आपसी संपर्क भी टूट गया है। नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए घाटों पर ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें 24 घंटे गश्त कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से गंगा किनारे जाने और स्नान करने से बचने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है और स्थिति सामान्य होने पर नाव संचालन फिर शुरू किया जाएगा।

