बीएचयू में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के तहत प्रतियोगिता संपन्न
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत यूथ कनेक्ट’ कार्यक्रम के अंतर्गत क्विज, निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

क्विज प्रतियोगिता में विधि संकाय के हरे राम कुमार ने प्रथम, सामाजिक विज्ञान संकाय के कुणाल कुमार ने द्वितीय तथा कला संकाय के सूरज कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चांदनी शर्मा, स्वाति पाठक और विवेक सिंह को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में कला संकाय की पूर्वी पंकज प्रथम, वसंत महिला महाविद्यालय की शुभांगी मौर्य द्वितीय तथा विधि संकाय के आदित्य मणि त्रिपाठी और सामाजिक विज्ञान संकाय के अभिजीत सोनकर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। मानस राज, आदित्य कुमार और खुशी कुमारी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में विधि संकाय के तुषार द्विवेदी प्रथम, कला संकाय की सुदीक्षा अग्रवाल द्वितीय तथा विधि संकाय के अजीत कुमार पांडे तृतीय स्थान पर रहे। इसके अलावा शुभांगी गुप्ता, आरती कुमारी, श्वेतांक मिश्रा और लक्ष्मी गांगुली को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. बाला लखेन्द्र ने बताया कि इसी प्रकार की प्रतियोगिताएं आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें स्थानीय स्तर पर चयनित प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।

