कांग्रेसजनों ने शीतला घाट पर किया मां गंगा का दुग्धाभिषेक
राष्ट्रीय नदी घोषित किए जाने की वर्षगांठ पर हुआ पूजन-अर्चन
वाराणसी (जनवार्ता)। गंगा नदी को राष्ट्रीय नदी घोषित किए जाने की वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से शीतला घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने मां गंगा की आरती उतारी और उनकी निर्मलता, स्वच्छता एवं अविरलता बनाए रखने की कामना की।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संयोजन महानगर कांग्रेस महासचिव प्रमोद वर्मा ने किया।
मुख्य अतिथि सेवादल प्रमुख प्रमोद पाण्डेय ने कहा कि पांच नवंबर 2008 को तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित किया था। यह निर्णय देश की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक था। इसी परंपरा के तहत कांग्रेसजन प्रतिवर्ष शीतला घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर उनकी स्वच्छता और अविरलता की कामना करते हैं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि मां गंगा करोड़ों भारतीयों की आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार हैं। गंगा को राष्ट्रीय नदी का दर्जा देकर कांग्रेस सरकार ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान और सम्मान दिलाया था। उन्होंने कहा कि गंगा की निर्मलता और स्वच्छता के लिए केवल घोषणाएं पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि ठोस प्रयासों, जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी की जरूरत है। गंगा की अविरल धारा, निर्मल जल और स्वच्छ तटों का संरक्षण सभी का दायित्व है।
इस अवसर पर सतनाम सिंह, प्रमोद वर्मा, प्रवीण प्रकाश, वकील अंसारी, देवेंद्र सिंह, मनोज द्विवेदी, नरसिंह दास, आकाश त्रिपाठी, सदानंद तिवारी, मो. इस्लाम, विनोद शुक्ला, प्रवीण सिंह, दीपक यादव, शशि सोनकर, गोपाल चौबे, मदन यादव और शकील जादूगर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

