तीसरे सोमवार पर बाबा दरबार में उमड़ी भीड़
वाराणसी (जनवार्ता)। सावन के तीसरे सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रिमझिम बारिश के बीच बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए देर रात से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
मंगला आरती के बाद मंदिर का पट खुलते ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने गर्भगृह के बाहर बने पात्र से जलाभिषेक कर बाबा के ज्योतिर्लिंग का दर्शन किया। पूरे धाम परिसर में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे।

सावन की परंपरा के तहत सोमवार शाम बाबा विश्वनाथ के अर्द्धनारीश्वर स्वरूप की विशेष झांकी सजाई जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धाम में चिकित्सक, एम्बुलेंस, एनडीआरएफ टीम, पेयजल और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था की गई है।
वहीं, गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रमुख घाटों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। उधर, मार्कंडेय महादेव धाम समेत काशी के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।

