कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच दीवान शाह बाबा का दो दिवसीय उर्स शुरू
वाराणसी (जनवार्ता) । कोटवां गांव के मुस्लिमपुरा कस्बे में स्थित दान दीवान शाह बाबा का सालाना दो दिवसीय उर्स गुरुवार को धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ शुरू हुआ। उर्स के पहले दिन सुबह तीन बजे बाबा की गुस्ल की रस्म अदा की गई। इसके बाद दोपहर में कुरानख्वानी और शाम को गागर व चादर चढ़ाने का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा।


उर्स में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और बाबा के आस्ताने पर मत्था टेककर नियाज-फातिहा अदा की। दिनभर लोगों ने तबर्रुक वितरित किया। उर्स मेले में विभिन्न स्थानों पर झूले और चर्खियां लगाई गईं। महिलाओं और बच्चों ने मेले का आनंद लिया तथा विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्वाद लिया।

रात करीब दस बजे जलसे का आयोजन शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। चादरपोशी और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में मेला कमेटी के रिजवान अहमद, यासीन अंसारी, अब्दुल हई, आजम, सेठ अकरम, डॉ. मोहम्मद तसलीम, बदरू, जमाल, बबलू और इख्तियार पहलवान सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।
उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। लोहता थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय और कोटवां चौकी प्रभारी गौरव कुमार सिंह महिला एवं पुरुष पुलिस बल के साथ मेला परिसर में मौजूद रहे। पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मेले में व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की।

