विश्व पर्यावरण दिवस पर वाराणसी मंडल में ‘पर्यावरण संरक्षण अभियान’ का शुभारंभ

विश्व पर्यावरण दिवस पर वाराणसी मंडल में ‘पर्यावरण संरक्षण अभियान’ का शुभारंभ

वाराणसी (जनवार्ता)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार से ‘पर्यावरण संरक्षण अभियान’ की शुरुआत की गई। यह अभियान 15 मई से 5 जून 2026 तक चलाया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय के नेतृत्व में किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीआरएम आशीष जैन ने अधिकारियों और रेल कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। शपथ में पर्यावरण बचाने के लिए दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव अपनाने तथा समाज को पर्यावरण के अनुकूल व्यवहार के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर आशीष जैन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पानी और ऊर्जा संरक्षण जैसे छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं।
अभियान के तहत वाराणसी मंडल के सभी कोचिंग डिपो, कार्यालयों, यूनिटों और प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इसके अलावा रेलवे कॉलोनियों एवं प्रमुख स्टेशनों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
रेल प्रशासन के अनुसार, 15 से 18 मई तक पोस्टर, बैनर और डिजिटल संदेशों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वहीं 19 से 22 मई तक स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक कचरा निस्तारण और सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निषेध को लेकर कार्यक्रम होंगे।
23 से 26 मई तक यात्रियों को पानी की बोतल साथ रखने, कपड़े के थैले के उपयोग और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ेदान के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके बाद 27 से 30 मई तक ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण, फिटनेस जागरूकता, ड्राइंग एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। साथ ही डिजिटल टिकटिंग को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
31 मई से 4 जून तक जल एवं ऊर्जा संरक्षण अभियान चलाया जाएगा, जबकि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विभिन्न विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा, अजय सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गतिशक्ति) अशोक कुमार समेत विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।
रेल प्रशासन ने अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए स्वच्छ, हरित और सतत पर्यावरण निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   चोलापुर में चोरों का आतंक
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *