फाइनेंस मैनेजर ने पति समेत ससुराल पक्ष पर दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और 50 लाख दहेज मांगने का लगाया आरोप
वाराणसी (जनवार्ता)। भेलूपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दुष्कर्म, जबरन गर्भपात, दहेज प्रताड़ना और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता, जो मुंबई की एक फाइनेंस कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है, ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2022 में उसकी पहचान कमच्छा स्थित बिंद भवन निवासी वरुण लालवानी से इंस्टाग्राम और फेसबुक के माध्यम से हुई थी। दोनों एक ही फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे। आरोप है कि वरुण ने शादी का वादा कर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि गर्भवती होने पर आरोपी ने उसे दवा देकर जबरन गर्भपात करा दिया। बाद में कानूनी कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से उससे कोर्ट मैरिज कर ली। विवाह पंजीकरण के बाद उसके जेठ सनूल लालवानी द्वारा भी उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत के अनुसार, 14 जुलाई को वरुण उसे वाराणसी लेकर आया और मायके में छोड़ते हुए कहा कि उसने केवल कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए विवाह पंजीकरण कराया था तथा अब वह उसे अपने साथ नहीं रखेगा।
पीड़िता का कहना है कि 15 जुलाई को वह अपने परिजनों के साथ ससुराल पहुंची, जहां पति वरुण लालवानी, ससुर मोतीलाल लालवानी और जेठ सनूल लालवानी ने कथित रूप से 50 लाख रुपये दहेज की मांग की। मांग पूरी न होने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और घर से भगा दिया गया।
भेलूपुर थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, जबरन गर्भपात, दहेज प्रताड़ना, धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

