R.S. SHIVMURTI PUBLIC SCHOOL में भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने पर भव्य आयोजन
वाराणसी (जनवार्ता)। R.S. Shivmurti Public School के प्रांगण में शुक्रवार को भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में “Indian Hockey Since 1925: Glorious 100 Years (1925–2025)” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन बनारस इंडिपेंडेंट क्लब के सहयोग से किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और राष्ट्रीय खेल हॉकी के इतिहास को नमन करते हुए हुई। ज्ञात हो कि आज ही के दिन, 7 नवम्बर 1925 को भारतीय हॉकी संघ की स्थापना हुई थी, जिसने आगे चलकर भारत को विश्व हॉकी में स्वर्ण युग दिलाया। आज 100 वर्ष पूरे होने के इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने गर्व और उत्साह के साथ शताब्दी वर्ष का स्वागत किया।

विद्यालय के डायरेक्टर योगेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हॉकी हमें एकता, मेहनत और टीम वर्क की सीख देती है। उन्होंने कहा कि आज के युवा अगर खेलों को जीवन का हिस्सा बनाएं तो देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ेगा।

विद्यालय के प्रिंसिपल राकेश तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि हॉकी सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि यह भारत की पहचान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने छात्रों से खेल भावना और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों के बीच एक रोमांचक हॉकी मैच का आयोजन भी किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के अंत में विजेता टीम को पुरस्कृत किया गया और सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
विद्यालय परिवार ने यह संकल्प लिया कि वे खेल और शिक्षा दोनों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएंगे और भारतीय हॉकी की इस गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाएंगे।

