जीवनदीप महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ सामूहिक योगाभ्यास
एनएसएस के तत्वावधान में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प
वाराणसी (जनवार्ता)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जीवनदीप महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में खेलकूद आचार्य डॉ. राजेश यादव के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने नियमित योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी विक्रम प्रताप सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि नियमित योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है।
उन्होंने स्वयंसेवकों से प्रतिदिन योग करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों से अपने परिवार और समाज में भी योग के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने नियमित योगाभ्यास करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

