वाराणसी में निजी पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटरों पर स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा

वाराणसी में निजी पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटरों पर स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा

छह टीमें करेंगी जांच

वाराणसी (जनवार्ता)। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित निजी पैथोलॉजी, डायग्नोस्टिक और कलेक्शन सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. पवन कुमार अरुण के निर्देश पर मंगलवार से जिले में निजी जांच केंद्रों की व्यापक जांच का अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एनपी सिंह ने छह विशेष टीमों का गठन किया है। ये टीमें औचक निरीक्षण कर केंद्रों की कार्यप्रणाली और निर्धारित मानकों की जांच करेंगी।

rajeshswari

पंजीकरण से लेकर तकनीशियनों की योग्यता तक होगी जांच

स्वास्थ्य विभाग की टीमें निरीक्षण के दौरान सबसे पहले केंद्रों के वैध पंजीकरण की जांच करेंगी। बिना पंजीकरण संचालित पाए जाने वाले केंद्रों को तत्काल सील करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जांच रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया, जांच की गुणवत्ता, कार्यरत कर्मचारियों और लैब तकनीशियनों की शैक्षणिक योग्यता एवं डिग्रियों की भी पड़ताल होगी।

टीमें ब्लड स्टोरेज और उसके रखरखाव से जुड़े निर्धारित मानकों का भी परीक्षण करेंगी। पूरी जांच प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी, ताकि कार्रवाई में पारदर्शिता बनी रहे और निरीक्षण का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।

मानकों की अनदेखी पर होगी कठोर कार्रवाई : सीएमओ

सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने स्पष्ट किया है कि मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच के दौरान जिन केंद्रों पर नियमों और निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ऐसे केंद्रों को सील भी किया जाएगा।

इसे भी पढ़े   सोशल एक्टिविस्ट मामले में तत्काल एफआईआर और गिरफ्तारी की मांग

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से जिले में बिना मानक और बिना पंजीकरण के संचालित निजी जांच केंद्रों में हड़कंप मचा हुआ है। अभियान का उद्देश्य मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय जांच सुविधा उपलब्ध कराना तथा अवैध रूप से संचालित केंद्रों पर अंकुश लगाना है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *