जीवनदीप पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने बांधा समां
वाराणसी (जनवार्ता)। बड़ा लालपुर स्थित जीवनदीप पब्लिक स्कूल में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जीवनदीप शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार सिंह तथा जीवनदीप चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. अंशु सिंह रहे। अतिथियों ने ध्वजारोहण किया, जिसके बाद राष्ट्रगान से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के वातावरण में गूंज उठा।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताएं, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग एवं बलिदान को याद किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशप्रेम और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों के उत्साह और मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि डॉ. अशोक कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के वास्तविक महत्व को समझने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए युवा पीढ़ी में शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रप्रेम का होना आवश्यक है। डॉ. ममता सिंह एवं डॉ. अंशु सिंह ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर जीवनदीप शिक्षण समूह के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

