आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर कैंट रेलवे स्टेशन पर चला सघन चेकिंग अभियान
वाराणसी (जनवार्ता) । आगामी आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने एवं रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को कैंट रेलवे स्टेशन पर व्यापक सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया।


पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी के निर्देशन में जीआरपी कैंट प्रभारी द्वारा आरपीएफ, डॉग स्क्वाड एवं हमराही पुलिस बल के साथ स्टेशन परिसर के विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान पार्सल घर, यात्री प्रतीक्षालय, आरक्षण हाल, फुट ओवर ब्रिज, वाहन स्टैंड, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म तथा ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्ति एवं वस्तुओं की गहन जांच की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं संतोषजनक रही। रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले अभ्यर्थियों को सुगमता के साथ ट्रेनों में बैठाकर उनके गंतव्य स्थलों के लिए रवाना किया गया। साथ ही यात्रियों एवं परीक्षार्थियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।
जीआरपी एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम ने यात्रियों से अपील की कि वे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दी गई खाद्य सामग्री अथवा अन्य वस्तुओं का सेवन न करें। इसके अलावा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु के दिखाई देने पर तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, जीआरपी अथवा आरपीएफ को सूचना देने के लिए जागरूक किया गया।
जीआरपी कैंट पुलिस ने बताया कि भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रा व्यवस्था सुचारु एवं सुरक्षित बनी रहे।

