वाराणसी : बिजली विभाग का जेई और लाइनमैन 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को विद्युत विभाग में एक बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर और एक संविदा लाइनमैन को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया।

शिकायतकर्ता शुभम श्रीवास्तव, निवासी उत्तरी ककरमत्ता थाना मंडुआडीह ने एंटी करप्शन टीम को बताया कि विभाग के अधिकारी उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज न करने के बदले 20 हजार रुपये रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत मिलते ही टीम ने तुरंत जाल बिछाया और दोपहर लगभग 2:55 बजे 33/11 केवी डीपीएच पावर हाउस मंडुआडीह के पास दोनों आरोपियों को रिश्वत की रकम लेते गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी नवनीत कुमार यादव जूनियर इंजीनियर निवासी जवांवा थाना गोपीगंज जिला भदोही और लक्ष्मण कुमार लाइनमैन संविदाकर्मी निवासी नैपुरा कला थाना लंका वाराणसी हैं। एंटी करप्शन टीम ने दोनों को रंगे हाथों 20 हजार रुपये की रिश्वत के साथ पकड़ा।
इसके बाद थाना रोहनिया कमिश्नरेट वाराणसी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई से बिजली विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। विभागीय स्तर पर चर्चा हो रही है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम की यह सख्ती जारी रहेगी।

