लोहता : कमरे में सोते रहे लोग और आलमारी तोड़कर लाखों के गहने लेकर चोर हुए फरार
वाराणसी (जनवार्ता)। लोहता थाना क्षेत्र के लखमीपुर गांव की नई बस्ती में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर आलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना धर्मेंद्र श्रीवास्तव के घर की है। चोरी की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि चोर घर में घुसे और आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती गहने समेट ले गए। हैरानी की बात यह रही कि जिस कमरे में आलमारी रखी थी, उसी कमरे में बेड पर दो लोग सो रहे थे। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर आलमारी तोड़ी और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
घटना की जानकारी होने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पीआरवी-112 पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में चोरी की वारदात को लेकर लोगों में चिंता व्याप्त है।

