काशी विश्वनाथ धाम में पॉलिथीन मुक्त परिसर का संदेश, नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने बांटे कपड़े के झोले
वाराणसी, (जनवार्ता)। धार्मिक नगरी वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम में सोमवार को भक्ति और आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी गूंजा। नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने धाम परिसर में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाते हुए श्रद्धालुओं से सिंगल यूज पॉलिथीन का उपयोग बंद करने की अपील की। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच कपड़े के झोले वितरित किए गए।

अभियान के तहत नगर निगम वाराणसी के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ जनजागरूकता पदयात्रा निकाली। हाथों में कपड़े के झोले लेकर निकाली गई इस पदयात्रा के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पॉलिथीन मुक्त धाम का संदेश दिया गया।
राजेश शुक्ला ने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है। स्वच्छ वातावरण से जहां स्वास्थ्य बेहतर रहता है, वहीं गंदगी और प्लास्टिक कचरा बीमारियों को बढ़ावा देता है। उन्होंने लोगों से कूड़ा-कचरा सड़कों या परिसर में फेंकने के बजाय निर्धारित कूड़ेदानों का उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में सिंगल यूज पॉलिथीन के दुष्प्रभावों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया और इसके पूर्ण बहिष्कार का आह्वान किया गया। नमामि गंगे की टीम ने जीवनदायिनी नदियों को स्वच्छ बनाए रखने तथा घाटों और तटों पर साफ-सफाई बनाए रखने का भी संदेश दिया।
अभियान में श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने विश्वनाथ धाम परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया। इस पहल ने “स्वच्छ भारत मिशन” की भावना को मजबूत करते हुए देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचाया।

