मिशन शक्ति 5.0 : महिला पुलिसकर्मियों ने निकाली भव्य स्कूटी

मिशन शक्ति 5.0 : महिला पुलिसकर्मियों ने निकाली भव्य स्कूटी

नारी सुरक्षा और स्वावलंबन का दिया मजबूत संदेश

वाराणसी : चैत्र नवरात्रि के अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर एक खास पहल देखने को मिली। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मिशन शक्ति 5.0’ के दूसरे चरण के तहत रविवार को महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मियों द्वारा एक भव्य स्कूटी-बाइक रैली का आयोजन किया।

rajeshswari

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस मुख्यालय के रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में दर्जनों महिला पुलिसकर्मी स्कूटी और बाइक पर सवार होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरीं और नारे लगाते हुए जागरूकता फैलाई। रैली के दौरान “नारी सुरक्षा हमारा संकल्प, स्वावलंबन हमारा बल”, “मिशन शक्ति से बनेगी नारी सशक्त” और “1090, 112 – हम हैं आपके साथ” जैसे नारे गूंजते रहे।

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मौके पर कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह रैली जागरूकता फैलाने के साथ-साथ यह संदेश देने के लिए भी है कि पुलिस विभाग महिलाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने जोर दिया कि हर महिला बिना किसी भय के घर से बाहर निकल सके और अपना जीवन जी सके।

रैली का मुख्य मकसद महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 112, 181 आदि की जानकारी देना, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा और अन्य खतरों से बचाव के उपाय बताना, स्वावलंबन और आत्मरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करना था। रैली पुलिस मुख्यालय से शुरू होकर विभिन्न बाजारों, कॉलेजों, आवासीय इलाकों और प्रमुख चौराहों से गुजरी, जहां लोगों ने उत्साह से स्वागत किया। महिला पुलिसकर्मियों ने राहगीरों, छात्राओं और स्थानीय महिलाओं से बातचीत की और जागरूकता सामग्री भी वितरित की।

इसे भी पढ़े   सोनभद्र : 25 हजार का इनामिया मुठभेड़ में गिरफ्तार

यह रैली पूरे प्रदेश में चल रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 का हिस्सा है, जिसके तहत नवरात्रि के दौरान विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। वाराणसी में यह प्रयास न केवल स्थानीय स्तर पर सराहा जा रहा है, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक मिसाल बन रहा है। नारी शक्ति का यह जश्न स्पष्ट करता है कि जब महिलाएं एकजुट हों और पुलिस उनका साथ दे, तो समाज में सुरक्षा और सम्मान की नई इबारत लिखी जा सकती है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *