नवागत पुलिस आयुक्त ने संभाली कमान, अपराधियों पर कार्रवाई के दिए कड़े निर्देश
वाराणसी (जनवार्ता)। नवागत पुलिस आयुक्त किरण एस. ने शनिवार को पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिसमें अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध किरीट राठोड समेत अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। इसके बाद पुलिस आयुक्त ने गूगल मीट के माध्यम से राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और साइबर सेल प्रभारी के साथ गोष्ठी कर अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने महिला अपराधों की सूचना पर तत्काल मुकदमा दर्ज करने और छिनैती की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। वही जघन्य अपराधों की विवेचना 90 दिन और सामान्य अपराधों की 60 दिन में पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया।


उन्होंने अवैध शराब व मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई, वांछितों की गिरफ्तारी और गैर-जमानती वारंट के निष्पादन के लिए अभियान चलाने को कहा। साथ ही डायल-112 की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, थानों के सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी और न्यायालयों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

