नवागत बीएसए भूपेन्द्र सिंह ने संभाला कार्यभार, शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर दिया जोर
वाराणसी (जनवार्ता)। प्रतापगढ़ से स्थानांतरित होकर वाराणसी पहुंचे नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) भूपेन्द्र सिंह ने बुधवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से शिष्टाचार भेंट कर बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, चुनौतियों तथा भावी कार्ययोजना पर चर्चा की।


कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद बीएसए ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों, जिला समन्वयकों, वित्त एवं लेखाधिकारी तथा विभागीय कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निपुण भारत मिशन, छात्र उपस्थिति, विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं के विकास और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा विद्यालयों में शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।
उन्होंने निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सकारात्मक शैक्षिक वातावरण के निर्माण तथा पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन पर विशेष बल दिया। बैठक में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवागत बीएसए का स्वागत करते हुए उन्हें पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

