होटल कारोबारी के बेटे की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में ढेर, एसओजी प्रभारी घायल

होटल कारोबारी के बेटे की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में ढेर, एसओजी प्रभारी घायल

गाजीपुर (जनवार्ता) । होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार देर शाम सदर कोतवाली क्षेत्र के कुर्था स्थित पवहारी बाबा आश्रम के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में हत्या का आरोपी कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद मारा गया। मुठभेड़ के दौरान एसओजी प्रभारी एवं उपनिरीक्षक रोहित मिश्रा के कंधे में गोली लग गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

rajeshswari


पुलिस के अनुसार विनीत राय हत्याकांड के आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी कमलेश बिंद कुर्था क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस और स्वाट टीम ने इलाके की घेराबंदी की। इसी बीच बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से पहुंचे एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। बाद में उसकी पहचान कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद के रूप में हुई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक अवैध .32 बोर पिस्टल, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार कमलेश के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, मारपीट, धमकी और शस्त्र अधिनियम समेत सात आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।


गौरतलब है कि 29 मई की रात सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बिंदु होटल के संचालक आलोक राय के पुत्र विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया था कि घटना की साजिश व्हाट्सएप ग्रुप ‘कटरा गैंग’ के माध्यम से रची गई थी। आरोप है कि होटल कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और रकम न मिलने पर वारदात को अंजाम दिया गया।

इसे भी पढ़े   प्रयागराज : कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, कार पर लिखा था एसडीएम


पुलिस के अनुसार हत्या में कमलेश बिंद के अलावा शंकर पांडेय, सोनू यादव और मोनू त्रिपाठी भी शामिल थे। वाराणसी रेंज के डीआईजी ने मुख्य आरोपी शंकर पांडेय और कमलेश बिंद पर एक-एक लाख रुपये तथा अन्य दो आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। कमलेश की मौत के बाद अब शंकर पांडेय, सोनू यादव और मोनू त्रिपाठी की तलाश तेज कर दी गई है।


घटना की रात चार बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर होटल पहुंचे थे। उन्होंने पहले होटल के गार्ड से बीयर मांगी और भुगतान को लेकर बातचीत के दौरान विनीत राय के बाहर आने का इंतजार किया। जैसे ही विनीत अपनी कार की ओर बढ़े, बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए भागने का प्रयास करने पर उन्हें कई गोलियां मारी गईं। गंभीर रूप से घायल विनीत को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


मृतक के पिता एवं होटल कारोबारी आलोक राय ने आरोप लगाया था कि कुख्यात अपराधी शंकर पांडेय और उसके गिरोह ने वर्ष 2024 में भी उनसे रंगदारी मांगी थी। रकम न देने पर होटल में तोड़फोड़ की गई थी। उन्होंने इस संबंध में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत भी दी थी। घटना के बाद उन्होंने प्रदेश सरकार से गिरोह के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की थी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *