एक माह बाद माँ को लौटी नवजात, थाना प्रभारी की पहल बनी वरदान
चौबेपुर(जनवार्ता):पारिवारिक परिस्थितियों के चलते एक महिला ने अपनी नवजात बच्ची को किसी अन्य परिवार को सौंप दिया था। करीब एक माह बाद ममता जागने पर महिला ने चौबेपुर थाना प्रभारी से मदद की गुहार लगाई। थाना प्रभारी की मानवीय पहल पर दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया और आपसी सहमति से बच्ची को सुरक्षित रूप से माँ को सौंप दिया गया।

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, महिला ने पारिवारिक विवशता के चलते अपनी नवजात बच्ची को एक अन्य परिवार को सौंप दिया था। लेकिन एक माह बाद जब माँ का दिल ममता से भर उठा, तो उसने चौबेपुर थाना प्रभारी से संपर्क कर मदद मांगी।
थाना प्रभारी ने मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए तत्काल कार्रवाई की। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया और उनसे अलग-अलग बातचीत की गई। पुलिस की समझाइश और मानवीय दृष्टिकोण के चलते दोनों पक्ष आपसी सहमति से बच्ची को माँ को सौंपने पर राजी हो गए।इस दौरान थाने में किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ और किसी भी पक्ष ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई। बच्ची को सुरक्षित रूप से उसकी माँ को सौंप दिया गया।
पुलिस की इस संवेदनशील और मानवीय कार्यवाही की स्थानीय लोगों में व्यापक सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में सिर्फ कानूनी नहीं, बल्कि मानवीय पक्ष को भी प्राथमिकता दी, जिससे एक माँ को उसका बच्चा वापस मिल सका।

