सीएचसी शिवपुर को एनक्यूएएस गुणवत्ता प्रमाणन
83.87 प्रतिशत स्कोर के साथ हासिल की उपलब्धि
वाराणसी (जनवार्ता) । शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिवपुर ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तकनीकी सहयोगी संस्थान द्वारा किए गए एनक्यूएएस रिवैलिडेशन असेसमेंट में सीएचसी शिवपुर को 83.87 प्रतिशत का समग्र स्कोर मिला है। इसके आधार पर केंद्र को चिकित्सीय सेवाओं के लिए गुणवत्ता प्रमाणन प्रदान किया गया है।


रिवैलिडेशन मूल्यांकन के दौरान सीएचसी के इमरजेंसी, ओपीडी, लेबर रूम, इन-पेशेंट विभाग, सहायक सेवाएं, सामान्य प्रशासन, ओटी, प्रयोगशाला, रेडियोलॉजी और फार्मेसी समेत कुल 10 विभागों का मूल्यांकन किया गया। केंद्र ने निर्धारित सभी प्रमाणन मानकों को पूरा किया। वहीं, रोगी संतुष्टि का स्कोर भी 85 प्रतिशत रहा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने इस उपलब्धि पर चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और समस्त कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनक्यूएएस प्रमाणन गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता, बेहतर प्रबंधन और मरीज-केंद्रित सेवाओं के प्रति स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सीएमओ ने कहा कि सीएचसी शिवपुर की उपलब्धि जनपद के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से गुणवत्ता मानकों को लगातार बनाए रखने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

