सारनाथ हॉस्टल में नर्सिंग छात्रा की मौत, युवक हिरासत में
वाराणसी (जनवार्ता)। सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अपार्टमेंट में संचालित बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर एक नर्सिंग छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर अवस्था में मिली। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने छात्रा के एक परिचित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतका बलिया की रहने वाली थी और वाराणसी के एक नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह बुधवार सुबह घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन सारनाथ स्थित अपार्टमेंट पहुंची थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक छात्रा सुबह अपार्टमेंट में दाखिल हुई थी। करीब दो घंटे बाद एक इलेक्ट्रीशियन ने उसे सीढ़ियों पर गंभीर अवस्था में पड़ा देखा। सूचना पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस को मौके से छात्रा का बैग और कुछ दवाएं मिली हैं। मामले की जांच विभिन्न पहलुओं पर की जा रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम दो चिकित्सकों के पैनल से कराया है तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन की तलाश के साथ सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की।

