मोदी सरकार के 12 साल: काशी के जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं उपलब्धियां
वाराणसी (जनवार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर काशी के जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए इस अवधि को विकास, सुशासन और जनकल्याण का दौर बताया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है, वहीं वाराणसी में भी अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं।

दक्षिणी विधानसभा के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में वाराणसी सहित पूरे देश में विकास की नई दिशा तय हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और स्वनिधि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से गरीब और जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” का मंत्र आज जन-जन तक पहुंच चुका है। साथ ही जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और लोककल्याण को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, नवाचार और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में देश ने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उनके अनुसार भारत आज विश्व मंच पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।
एमएलसी धर्मेंद्र राय ने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” की भावना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और काशीवासियों का पूरा समर्थन प्रधानमंत्री मोदी के साथ है।

