‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पुलिस ने किया पौधारोपण में जनभागीदारी का किया आह्वान
वाराणसी (जनवार्ता)। प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महाभियान के अंतर्गत कमिश्नरेट वाराणसी में रविवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की शुरुआत पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में की गई। पुलिस आयुक्त ने अपने कैंप कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल का संदेश दिया।

इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, वायु प्रदूषण, भूमि क्षरण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी वैश्विक चुनौतियों का प्रभावी समाधान वृक्षारोपण में निहित है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
उन्होंने वृक्षों के पर्यावरणीय, सामाजिक और मानवीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विकसित वृक्षों की छाया आसपास के तापमान को काफी हद तक कम करने में सहायक होती है। वृक्ष शुद्ध ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, भू-जल संरक्षण, वर्षा चक्र को प्रभावित करने, मिट्टी के कटाव को रोकने और प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पुलिस आयुक्त ने अभियान के दौरान लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस अभियान के तहत पुलिस लाइन सहित कमिश्नरेट के सभी थानों, पुलिस चौकियों, कार्यालयों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण की मजबूत नींव रखी जा सकती है।

