आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
वाराणसी (जनवार्ता)। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदेसर स्थित कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन एवं अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। पुलिस आयुक्त ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षार्थी की गहन तलाशी, पहचान पत्र एवं बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए, ताकि परीक्षा की शुचिता एवं विश्वसनीयता बनी रहे।

उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन तथा अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर प्रभावी जांच व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों एवं अनावश्यक भीड़ पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में नकल कराने अथवा परीक्षा संबंधी अनियमितताओं में संलिप्त रहे व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा अन्य अवांछनीय गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय एवं बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने समस्त पुलिस बल को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व के साथ ड्यूटी संपादित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

