गंगा में क्रूज संचालन की तैयारी तेज
वाराणसी (जनवार्ता)। वाराणसी से प्रयागराज के बीच गंगा नदी में जल परिवहन और नदी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय जलमार्ग-1 पर थालवेग सर्वेक्षण शुरू हो गया है। सर्वे पूरा होने के बाद जलमार्ग का अंतिम रूट तय किया जाएगा, जिससे दोनों शहरों के बीच क्रूज और मालवाहक जलयानों के संचालन का रास्ता साफ होगा।
भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) की ओर से किए जा रहे इस सर्वे में नदी की गहराई, जल प्रवाह और सुरक्षित नौवहन मार्ग का अध्ययन किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ड्रेजिंग और अन्य विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
परियोजना के शुरू होने से गंगा में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ व्यापार और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि जल परिवहन मजबूत होने से सड़क और रेल यातायात का दबाव भी कम होगा।


